सूरत। भावनगर के घोघा से हजीरा आ रही रो-रो फेरी से एक युवक अचानक समुद्र में गिर गया। रो पैक्स फेरी सर्विस की रेस्क्यू टीम ने युवक को समुद्र में डूबने से पहले ही बचा लिया। यह वाकया हजीरा से 11 माइल दूर हुआ।
जानकारी के अनुसार रविवार को सुबह 8 बजे घोघा से हजीरा रवाना हुई रो-पैक्स फेरी सर्विस में सवार 32 वर्षीय अतुल कुमार माणेकलाल चौकसी चक्कर आने से अचानक समुद्र में गिर गया और डूबने लगा। लेकिन समय रहते रोपैक्स फेरी सर्विस की रेस्क्यू टीम ने इस युवक को बचा लिया और हजीरा पहुंचने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि युवक चक्कर आने के कारण समुद्र में गिर गया था। हालांकि, पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। अतुल कुमार मध्य प्रदेश का मूल निवासी है और कपड़े का कारोबार करता है। वह भावनगर में कपड़े की खरीदी करके घोघा से रो-रो फेरी में सूरत आ रहा था।