मुंबई। मध्य प्रदेश की निकिता पोरवाल को फेमिना मिस इंडिया 2024 का ताज पहनाया गया है, जबकि रेखा पांडे फर्स्ट रनर-अप और आयुषी ढोलकिया सेकेंड रनर-अप हैं। 18 साल की उम्र में टीवी एंकर के रूप में अपना करियर शुरू करने वाली निकिता पोरवाल कई सालों से नाटक भी लिख रही हैं। वह एक अभिनेत्री भी हैं। पूर्व मिस इंडिया 2023 नंदिनी गुप्ता और एक्ट्रेस नेहा धूपिया ने उन्हें ताज पहनाया।
फेमिना मिस इंडिया 2024 का ग्रैंड फिनाले बुधवार, 16 अक्टूबर की रात को मुंबई में आयोजित किया गया था। जिसमें पूर्व मिस इंडिया संगीता बिजलानी ने शानदार परफॉर्मेंस दी। इस मौके पर एक्ट्रेस नेहा धूपिया, डांसर राघव जुयाल और कई अन्य हस्तियां भी मौजूद रहीं। अनुषा दांडेकर फेमिना मिस इंडिया 2024 के जूरी पैनल का हिस्सा बनीं। ग्रैंड फिनाले में 30 राज्यों से फाइनलिस्ट हिस्सा लेने आए थे। विजेता निकिता पोरवाल अब मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मध्य प्रदेश की ब्यूटी क्वीन उज्जैन की रहने वाली हैं। फेमिना के अनुसार निकिता पोरवाल ने अपनी स्कूली शिक्षा कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की और वर्तमान में महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, बड़ौदा में अपनी आगे की पढ़ाई कर रही हैं। निकिता भी एक एक्ट्रेस हैं और 18 साल की उम्र से काम कर रही हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक टीवी एंकर के रूप में की और 60 से अधिक नाटकों में अभिनय किया है। उन्होंने कृष्णलीला नाटक लिखा है जो 250 पेज लंबा है। 2024 फेमिना मिस इंडिया का आयोजन 16 अक्टूबर को मुंबई के फेमस स्टूडियो में हुआ था। यह प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता का 60वां संस्करण था।