सूरत। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल की मौजूदगी में सूरत में जल संरक्षण, जन भागीदारी, जन आंदोलन का शुभारंभ किया गया। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौजूद रहे। इस दौरान कार्यक्रम काे संबोधित करते हुए केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि गुजरात का विकास मॉडल और अब जल संचय में जनभागीदारी का मॉडल पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा। जल अर्पण एक प्राचीन और पवित्र परंपरा है, जो प्रकृति और जीवन के प्रति श्रद्धा और आभार प्रकट करने का प्रतीक मानी जाती है। जल अर्पण से हम यह भी स्मरण करते हैं कि जल संसाधनों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है, और इसे बचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सूरत में रहने वाले राजस्थानी लोगों ने जल संग्रहण का महाअभियान शुरू करके सराहनीय कार्य किया है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह अभियान देश में पानी की कमी को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।