उज्जैन। मध्य प्रदेश में महाकाल की नगरी उज्जैन से बड़ी खबर सामने आई है। यहां सुबह पांच बजे पूर्व कांग्रेस पार्षद कलीम गुड्डु की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने बताया कि बदमाशों ने घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया। हत्या का आरोप मृतक की पत्नी और बेटों पर है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे मुख्य वजह संपत्ति विवाद बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक कलीम गुड्डु के मामा ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो परिजनों ने गुड्डु की पत्नी, बड़े बेटे और छोटे बेटे को पुलिस के हवाले कर दिया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि कलीम गुड्डु ने पिछले 12 वर्षों से तीनों को संपत्ति से बेदखल कर दिया था।
4 अक्टूबर को भी कलीम गुड्डु पर हमला हुआ था। हमलावर कार में आए और तमंचे से गुड्डु पर तीन गोलियां चलाईं। जान बचाने के लिए कलीम गुड्डु नाले में कूद गया, जिससे उसका हाथ टूट गया। इस घटना के बाद वह इतना डर गया कि दोबारा हमला होने के डर से वह घर से बाहर नहीं निकला था। सात अक्टूबर को उसने थाने में आवेदन देकर हत्या की आशंका जतायी।