उमरगांव। उमरगांव में 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार किया। घटना के विरोध में हिन्दु संगठनों ने थाने का घेराव किया। उमरगांव के गांधीवाड़ में देररात तोड़फोड़ और आगजनी की गई। बुधवार को सुबह से ही दुकानें बंद रहीं। लोगों ने रैली निकालकर आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की। पुलिस ने रैली को रोकने की कोशिश की तो विवाद बढ़ गया। अंतत: पुलिस ने लाठीचार्ज करके भीड़ को तितर-बितर किया। उमरगांव में माहौल बिगड़ने के बाद भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। वलसाड के पुलिस अधीक्षक डाॅ. करनराज ने लोगों ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस ठोस सबूत जुटा रही है। पुलिस अधीक्षक ने फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए गृह मंत्रालय में बात हो गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़ित बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोपहर में पड़ोसी और पीड़ित बच्ची के पिता के साथ काम करने वाला युवक तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म करके फरार हो गया। घटना की जानकारी हाेते ही हिन्दु संगठनों ने देर रात पुलिस थाने का घेराव किया। उधर, विधायक रमणभाई पाटकर भी तुरंत थाने पहुंच गए। आरोपी दुष्कर्म करने के बाद महाराष्ट्र के पालघर भागने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को ट्रेन से दबोच लिया। हिन्दु संगठनों की ओर से बुधवार काे उमरगांव बंद का ऐलान किया गया था। इस दौरान सभी दुकानें, उमरगांव जीआईडीसी के सभी उद्योग बंद रहे। यहां तक कि स्कूल रिक्शाचालक भी बंद में शामिल हुए। दुष्कर्म के विरोध में लोग रैली निकाल रहे थे, पुलिस ने बारियावाड के पास रैली को आगे बढ़ने से रोक दिया तो लोग भड़क गए। उमरगांव के हालात को देखते हुए डीआईसी प्रेमवीर सिंह, वलसाड के एसपी डॉ. करनराज तुरंत मौके पर पहुंच गए।
उमरगांव में 3 साल की बच्ची से पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म किया, हिन्दु संगठनों ने थाने का घेराव किया
RELATED ARTICLES