नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशायल(ईडी) ने गुरुवार को देर शाम दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले में गिरफ्तार किया है। ईडी ने दो घंटे की पूछताछ के बाद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। ईडी की टीम 10वां समन लेकर केजरीवाल के घर गई थी। केजरीवाल को कल PMLA कोर्ट में पेश किया जाएगा। केजरीवाल की ओर से गुरुवार को ही हाईकोर्ट मेंं याचिका दायर करके गिरफ्तारी से राहत देने की मांग की गई थी। हालांकि कोर्ट ने उनकी याचिका को खारिज कर दिया था। उधर, केजरीवाल की लीगल टीम सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दे सकती है। अरविंद केजरीवाल के आवास पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ड्रोन से नजर रख रही है।
ईडी ने दावा किया था कि भारत राष्ट्र समिति की नेता के. कविता के साथ केजरीवाल का नाम भी जुड़ा है। नई आबकारी नीति का लाभ लेने के लिए के. कविता ने आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोरिया से संपर्क किया था।
ईडी ने दो मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया
प्रवर्तन निदेशालय घोटाले में अब तक दो मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके साथ ही एक मुख्यमंत्री की बेटी को अरेस्ट किया है। ईडी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमीन घोटाले और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले में गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर की बेटी के. कविता को भी दिल्ली के शराब घोटाले में गिरफ्तार किया है।
आम आदमी पार्टी के एक दर्जन से अधिक नेता गिरफ्तार हो चुके हैं
अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के एक दर्जन से अधिक नेता अब तक गिरफ्तार हो चुके हैं। इन नेताओं में संजय सिंह(शराब घोटाला),मनीष सिसोदिया(शराब घोटाला), सत्येंद्र जैन(हवाला कांड), अमानतुल्ला खान(वक्फ बोर्ड में अवैध भर्ती, वित्तीय लेन देन में गड़बड़ी), सोमनाथ भारती(घरेलू हिंसा), संदीप कुमार(रेप), नरेश यादव(ईश निंदा), प्रकाश जारवाल(महिला से छेड़छाड़), अखिलेश त्रिपाठी(दंगा भड़काने), मनोज कुमार(धोखाधड़ी, जमीन हड़पने), शरद चौहान(महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला), जितेंद्र सिंह तोमर(फर्जी डिग्री), दिनेश मोहनिया(महिला से अभद्र व्यवहार) शामिल हैं।