वडोदरा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को वडोदरा में लोकसभा चुनाव प्रचार का श्रीगणेश किया। दोनों मुख्यमंत्री शुक्रवार को दोपहर में वडोदरा एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया। इसके बाद अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी गुजरात में दो सीटों भरूच और भावनगर में लोकसभा चुनाव लड़ रही है।
इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात की जनता ने यहां लोकसभा की सभी 26 सीटें भाजपा को दी है, इसके बावजूद कोई विकास नहीं हुआ है। यह बात भाजपा के पदाधिकारी खुद कह रहे हैं। गुजरात की जनता एक बाद आप को मौका दे और हमारा काम अच्छा रहे तो दूसरी बार वोट दे। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ईडी के जरिए जोड़तोड़ करके बेईमानी की राजनीति कर रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में हमें 14% वोट मिले थे। गुजरात में एक कहावत थी, यहां दो पार्टियां ही चलती हैं। हमने विधानसभा चुनाव में जीतकर इस कहावत को झूठ साबित कर दिया। विधानसभा में 156 सीटें मिलने के बाद भी भाजपा विकास करने के बजाय दूसरी पार्टियों के विधायकों को तोड़ने का काम कर रही है। वह दिन दूर नहीं जब हम केंद्र में अपनी सरकार बनाएंगे। केजरीवाल ने आगे कहा कि गुजरात में भाजपा के फाइव स्टार कार्यालय बन रहे हैं, पर यहां के स्कूलों की हालत देखिए। हमारे कार्यालय नहीं हैं, पर स्कूल अत्याधुनिक बने हैं। उन्होंने कहा कि चैतर वसावा को जेल में डालकर और उमेश मकवाणा पर हमला करवाकर भाजपा उन्हें तोड़ने का काफी प्रयास किया, इसके बावजूद दोनों मैदान में डटे रहे। अरविंद केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव के प्रचार का श्रीगणेश करते हुए “गुजरात में भी केजरीवाल’ नया नारा दिया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि गुजरात की जनता भरूच से चैतर वसावा और भावनगर के उम्मीदवार उमेश मकवाणा को लोकसभा तक पहुंचाए। लोगों के अधिकारों की रक्षा करने वाले को ही नेता कहा जाता है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में मेयर की घटना इतिहास में शायद पहली बार हुई होगी। हमारे नेता विकास कर रहे हैं, यही बात भाजपा को खटक रही है। यही कारण है कि हमारे नेताओं को एक-एक करके जेल में डाला जा रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाला को ईडी 9 समंस भेज चुकी है। अगर केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया तो उनकी विचारधारा और उनके जैसे कई केजरीवाल तैयार हैं उनको कैसे गिरफ्तार किया जाएगा। भाजपा को पंजाब में उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। पेड़ भी हर साल अपने पत्ते बदलते हैं,
गुजरात के लोगों को भी इस साल कुछ बदलना चाहिए।