भोपाल। मध्य प्रदेश के शिक्षामंत्री इंदर सिंह परमार ने इतिहास की किताबों में बदलाव करने की घोषणा की है। शिक्षामंत्री ने कहा कि इतिहास की किताबों में छात्रों को अब अकबर-सिकंदर नहीं बल्कि चंद्रगुप्त और महाराणा प्रताप की वीरगाथा पढ़ाई जाएगी। इतिहास के पन्नों में अकबर-सिकंदर महान नहीं, अब महाराणा प्रताप महान, चंद्रगुप्त महान लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हम तथ्यों के आधार पर इसे स्कूल-काॅलेज की किताबों में सम्मिलित करने जा रहे हैं।
मंत्री इंदर सिंह परमार ने भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने अंग्रेजों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे देश के 7 लाख स्कूल बंद कर दिए गए थे। हमारे पूर्वजों को अनपढ़ कहकर अपमानित किया जाता रहा है। हमें अब तक गलत इतिहास पढ़ाया जाता रहा है। मंत्री ने कहा कि हम भारत के गौरवशाली इतिहास को स्कूल-कॉलेज की किताबों में शामिल करने जा रहे हैं।