अहमदाबाद। सौराष्ट्र के दिग्गज नेता और माणावदर के कांग्रेस विधायक अरविंद लाडाणी ने बुधवार को पार्टी और विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी को साैंप दिया है। राहुल गांधी की भारत जोड़ाे न्याय यात्रा के गुजरात पहुंचने से पहले ही दिग्गज नेता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।
2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार अरविंद लाडाणी ने भाजपा के जवाहर चावड़ा को हराया था। अरविंद लाडाणी 2019 के उपचुनाव में जवाहर चावड़ा से चुनाव हार गए थे। किसान के बेटे अरविंद लाडाणी 35 साल से राजनीति में हैं। मटीयाला जिला पंचाचत के कार्यकारी सदस्य हैं और तीन टर्म तक तहसील संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं।
बता दें, सोमवार को कांग्रेस विधायक अर्जुन मोढवाडिया, पूर्व विधायक अरविंद डेर और मुलु कंडारिया ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर मंगलवार को भाजपा में शामिल हुए थे। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में इस्तीफा देने का दौर चल रहा है। महुवा के पूर्व विधायक कनु कलसरिया भी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकते हैं।