रांची। स्पेन से भारत घूमने आई महिला के साथ झारखंड के दुमका में 7 से 8 बदमाशों ने गैंगरेप किया। महिला के साथ उसका पति भी था। दोनों बाइक से भागलपुर की ओर जा रहे थे, तभी हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुंजी गांव में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पति-पत्नी टूरिस्ट वीजा पर स्पेन से भारत आए हुए थे। दोनों पाकिस्तान से बांग्लादेश होते हुए झारखंड के दुमका पहुंचे थे। दुमका के कुंजी गांव में टेंट लगाकर ठहरे हुए थे। महिला और उसके पति को झारखंड से नेपाल जाना था। महिला टेंट में थी, तभी 7 से 8 लोग आए और गैंगरेप की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इसके बाद महिला इलाज कराने दुमका अस्पताल पहुंची। महिला की शिकायत पर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताबंर सिंह खैरवार ने बताया कि 3 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकियों की पहचान की जा रही है।