नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार संकट में घिर गई है। राज्य सभा चुनाव में 6 विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने से कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी चुनाव हार गए। कांग्रेस के 6 बागी विधायकों ने भाजपा के हर्ष महाजन के पक्ष में वोट डाला था।
वहीं, एक न्यूज चैनल से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने झूठे वादे करके हिमाचल में सरकार बनाई थी। सरकार बनाने के बाद अपने वादे पर खरा नहीं उतरी है। एक साल में अपने विधायकों को संकट में डाल दिया। जनता विधायकों से वादे के बारे में पूछ रही है, किंतु उनके पास कोई जवाब नहीं है। यही कारण है कि कांग्रेस के विधायक बागी हो गए और सरकार अल्पमत में आ गई है। ठाकुर से कहा कि ऐसी क्या मजबूरी थी कि 14 महीने में ही विधायकाें ने सरकार का साथ छोड़ दिया। कांग्रेस उम्मीदवार के राज्यसभा चुनाव हारने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बाहरी को टिकट देना कांग्रेस को भारी पड़ गया। हिमाचल छोटा सा प्रदेश है, कोई भी राज्यसभा सदस्य बन सकता है, पर कांग्रेस ने स्थानीय नेताओं की अवगणना करके बाहरी को लाकर खड़ा कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि हिमाचल में पिछले 14 महीने में विकास के सारे काम ठप हो गए।