लखनऊ। अयोध्या के राममंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुए एक माह पूरा हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा की थी। प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद मंदिर के कपाट आम लोगों के लिए खोल दिए गए थे। रामलला के दर्शन करने वाले भक्तों की संख्या और उनके द्वारा दिए गए दान से नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। एक माह में 62 लाख भक्तों ने रामलाल के दर्शन किए और 50 करोड़ का दान भी दिए।
ट्रस्ट के कार्यालय इंचार्ज प्रकाश गुप्ता के अनुसार गर्भगृह के सामने दर्शन पथ के पास चार बड़े आकार की दानपेटियां रखी गई हैं। यहां आने वाले भक्त इसमें दान कर रहे हैं। इसके अलावा 10 कम्प्यूटराइज्ड काउंटर भी दान दे रहे हैं।
14 कर्मचारियों की एक टीम चारों दानपेटियों में आई रकम की गिनती कर रही है। इसमें 11 बैंक के और 3 ट्रस्ट के कर्मचारी हैं। प्रकाश गुप्ता ने बताया कि दान की रकम जमा कराने से उसकी गिनती सब कुछ सीसीटीवी कैमरे की देखरेख में हो रही है। प्राण प्रतिष्ठा के एक माह बाद भी भक्तों की भीड़ में कोई कमी नहीं आई है। मंदिर के नए नियमानुसार रामलला की श्रृंगार आरती 4:30 बजे शुरू होती है। सुबह 6:30 बजे मंगल प्रार्थना की जाती है। इसके बाद सुबह 7:00 मंदिर के कपाट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए जाते हैं।