अहमदाबाद। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और झटका लगा है। अहमदाबाद में अमराईवाडी सीट पर कांग्रेस के दो बार विधायक रह चुके धर्मेन्द्र पटेल (धमभाई) ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके भाजपा में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
गुजरात में कांग्रेस को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। एक महीना पहले वीजापुर के विधायक सीजे चावड़ा कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए थे। अब अहमदाबाद में अमराईवाडी सीट पर कांग्रेस के दो बार विधायक रह चुके धर्मेन्द्र पटेल ने इस्तीफा दे दिया है। वह पिछले कई दिनों से भाजपा नेताओं के संपर्क में थे। धर्मेन्द्र पटेल फरवरी के अंत तक भाजपा में शामिल हो सकते हैं। लोकसभा चुनाव से पहले गुजरात में दलबदल का दौर शुरू हो चुका है।
भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सीआर पाटिल मौजूद रहे

बुधवार को सूरत में प्रदेशाध्यक्ष सीआर पाटिल की मौजूदगी में भाजपा कार्यालय पर कांग्रेस नेता सुनील पटेल, निकेत पटेल और कांग्रेस के 3000 से अधिक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। इस दौरान शहर भाजपाध्यक्ष निरंजन झांझमेरा, महामंत्री किशोर बिंदल, कालूभाई इटालिया और मुकेश दलाल मौजूद रहे। बुधवार को सुबह 11:00 बजे उधना में स्थित भाजपा कार्यालय में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को केसरिया खेस पहनाकर भाजपा में शामिल किया गया।