मुंबई। महाराष्ट्र के बुलढाना में प्रसाद खाने के बाद 300 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इसमें महिलाएं और बच्चे भी हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मरीजों से अस्पताल भर गया तो बाहर लिटाकर इलाज किया गया। पेड़ में रस्सी बांधकर उसमें ग्लूकोज की बोतलें लटकाकर मरीजों को ग्लूकोज चढ़ाया गया। जिला कलेक्टर किरन पाटिल ने बताया कि घटना मंगलवार की है। सोमथाण गांव में हरिनाम नामक साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मंदिर में 500 लोगों की भीड़ थी। हरिनाम संकीर्तन खत्म होने के बाद भक्तों में प्रसाद बांटा गया। प्रसाद खाने के बाद पेट में दर्द और उल्टियां होने लगी। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मरीजों की संख्या इतनी ज्यादा थी कि अस्पताल में जगह कम पड़ी तो बाहर लिटाकर उनका इलाज किया गया। कलेक्टर किरन पाटिल ने बताया कि इसमें से अधिकांश मरीजों को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रसाद का सेम्पल ले लिया गया है। इसकी जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।