सूरत। डिंडोली के रेस्त्रां में काम करने वाले कारीगर को गंभीर हालत में स्मीमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसने दो लोगों पर चाकू से हमला करके जान से मारने की कोशिश करने की शिकायत दर्ज कराई थी। डिंडोली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जब गहराई से जांच की तो सीसीटीवी फुटेज से पूरी सच्चाई सामने आ गई। सर्विलांस स्टाफ के पीएसआई मसानी और उनकी टीम की जांच में पता चला कि युवक पर किसी ने हमला नहीं किया था, बल्कि उसने खुद अपना गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। डिंडोली में मधुरम सर्किल के पास फूड लवर रेस्त्रां का कारीगर किशुन चेतलाल रविवादास (27 वर्ष) 27 जनवरी को सुबह रेस्त्रां के पास खुले मैदान में गंभीर हालत में पड़ा था। उसके गले पर चोट के निशान थे। उसे स्मीमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी सांस नली और स्वरपेटी में गहरे घाव थे। वह कुछ बोल नहीं पा रहा था। उसने इशारो से पुलिस को बताया था कि वह रेस्त्रां के बगल पेशाब कर रहा था, तभी दो अनजान लोगों ने चाकू से हमला करके उसका मोबाइल लूट लिया था। पुलिस ने हत्या की कोशिश का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जब पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए तब मामला कुछ और ही निकला। मौका ए वारदात पर कोई व्यक्ति नही था। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित से बारीकी से पूछताछ की तब उसने बताया कि किसी ने हमला नहीं किया था, बल्कि डिप्रेशन में आकर उसने खुद ही सब्जी काटने के चाकू से गला काट लिया था। उससे पहले अपना मोबाइल तोड़कर फेंक दिया था। युवक अभी अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल से बाहर आने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
युवक तीन दिन बाद होश में आया था
युवक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे 3 दिन के बाद उसे होश आया था। स्वर पेटी और श्वास नली में गहरे घाव होने की वजह से वह बोल नहीं पा रहा था।